संत समाज के अपमान के विरोध में विहिप व बजरंग दल का प्रदर्शन, सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका
संत समाज के अपमान के विरोध में विहिप व बजरंग दल का प्रदर्शन, सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका
संतों का सम्मान बनाए रखने और कार्रवाई की उठाई मांग
संत समाज के कथित अपमान के विरोध में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शेरपुर चुंगी पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बजरंग दल के प्रांत गोरक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत ने कहा कि संत समाज का अपमान किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद के बाहर संतों का चोला पहनकर साधुओं का अपमान किया गया, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का अभिन्न अंग है। ऐसे में संतों के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि हिंदू समाज अपने संतों और धार्मिक परंपराओं के अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने संबंधित मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे सभी धर्मों, धार्मिक परंपराओं और संत समाज का सम्मान करें तथा अपने आचरण से समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए और प्रशासन के माध्यम से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान विभाग सह मंत्री विपिन शर्मा, विभाग सहसंयोजक कुशल चौधरी, जिला संयोजक अभिषेक, जिला मंत्री शिवम, दीपक यादव, हर्षित अग्रवाल, रचित सैनी, रकम सिंह, अंकित शर्मा, अभिषेक सहित विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 03, 2026
Rating:

No comments: