रामपुर तगा के प्राथमिक विद्यालय में लाखों की चोरी, पांच पंखे समेत राशन और गैस सिलेंडर ले गए चोर
रामपुर तगा के प्राथमिक विद्यालय में लाखों की चोरी, पांच पंखे समेत राशन और गैस सिलेंडर ले गए चोर
पुलिस चौकी से महज 300 मीटर दूर वारदात, तीन दिन में तीसरी बड़ी चोरी से गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल
थाना क्षेत्र के गांव रामपुर तगा स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में सोमवार रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर पांच पंखे, गैस चूल्हा, गैस सिलेंडर, एक महीने का राशन, बड़े भगोने, प्रार्थना में इस्तेमाल होने वाला स्पीकर तथा बच्चों की फर्स्ट एड किट सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। खास बात यह है कि घटना रामपुर तगा पुलिस चौकी से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सोमवार को सावन का सोमवार होने के कारण विद्यालय में अवकाश था।सुबह जब सफाई कर्मचारी मुकेश विद्यालय की साफ-सफाई के लिए पहुंचा तो उसने कमरों के ताले टूटे हुए देखे। अंदर जाकर निरीक्षण करने पर विद्यालय का सामान गायब मिला। उसने तत्काल विद्यालय प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रधानाचार्य कविता रानी तथा सहायक अध्यापिका मंजू विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि चोर विद्यालय से पांच सीलिंग पंखे, एक गैस चूल्हा, एक गैस सिलेंडर, तीन बड़े भगोने, मध्याह्न भोजन के लिए रखा लगभग एक माह का गेहूं और चावल, प्रार्थना सभा में उपयोग होने वाला स्पीकर तथा बच्चों की फर्स्ट एड किट चोरी कर ले गए। चोरी से विद्यालय को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और मध्याह्न भोजन व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी विद्यालय को चोर निशाना बना चुके हैं और उस समय सोलर पैनल चोरी कर ले गए थे। इसके बावजूद सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए, जिसका फायदा चोरों ने एक बार फिर उठा लिया।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना दिया है। बीते तीन दिनों के भीतर रामपुर तगा चौकी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान, एक इंटरलॉकिंग गोदाम और अब प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही वारदातों के बावजूद पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।
एक ओर पुलिस सावन के सोमवार और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकसी के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस चौकी के इतने करीब सरकारी विद्यालय में हुई चोरी ने उन दावों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस की नियमित गश्त होती तो इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था। लोगों ने जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
--------------------------------
तीन दिन में तीन चोरियां, पुलिस के हाथ अब भी खाली
रामपुर तगा चौकी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों के भीतर चोरी की तीन बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। पहले निर्माणाधीन मकान को चोरों ने निशाना बनाया, फिर इंटरलॉकिंग गोदाम से लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ और अब प्राथमिक विद्यालय से सरकारी सामान व राशन चोरी कर लिया गया। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
रामपुर तगा के प्राथमिक विद्यालय में लाखों की चोरी, पांच पंखे समेत राशन और गैस सिलेंडर ले गए चोर
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 03, 2026
Rating:
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 03, 2026
Rating:


No comments: