354वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित, भजनों पर झूमे श्याम भक्त
354वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित, भजनों पर झूमे श्याम भक्त
हरियाली एकादशी पर श्री नवदुर्गा शिव मंदिर में सजा भजनों का अखाड़ा, जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर
रविवार रात्रि नगर की टीचर कॉलोनी स्थित श्री नवदुर्गा शिव मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पुत्रदा/हरियाली एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ श्री श्याम बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। इस दौरान लखदातार श्याम सरकार की 354वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित कर भजन संध्या एवं भजनों का अखाड़ा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजन गायक दीपक शर्मा ने “टल जाती विपदा बड़ी-बड़ी जब लहराती है मोरछड़ी” भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं अर्पित कौशिक ने “लगा दे मोरछड़ी का झाड़ा, बेड़ा पार हो जाए” भजन प्रस्तुत किया।
भजन गायक देव शर्मा ने “लेके हाथों में निशान, करते बाबा का गुणगान, खाटू जाएंगे” भजन गाकर श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। शौर्य अग्रवाल ने “मेरी अर्जी पे गौर करो ना”, जबकि गोलू सांवरिया ने “बार-बार मैं तुम्हें पुकारूं, सुन लो लखदातार” भजन प्रस्तुत कर वातावरण को श्याममय बना दिया।
कार्यक्रम में भजन गायक कृष वर्मा ने “क्यों हारे हैं, क्यों हारे, श्याम के रहते क्यों हारे” भजन सुनाया। वहीं रिया अग्रवाल ने भी “बार-बार मैं तुम्हें पुकारूं, सुन लो लखदातार” भजन की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं की खूब तालियां बटोरीं। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमने और नृत्य करने को मजबूर हो उठे। इस दौरान मंदिर परिसर श्याम बाबा के जयकारों से गूंज उठा।
श्याम बाबा के सेवादार दीपक शर्मा ने श्रद्धालुओं को मोरछड़ी का झाड़ा लगाकर बाबा का आशीर्वाद प्रदान किया। द्वादशी के अवसर पर हारे के सहारे श्याम सरकार को खीर, चूरमा, केले, बर्फी, पेड़े और लड्डुओं का भोग लगाया गया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर सचिन, प्रीती, सर्वेश शर्मा, सुमन, राजकुमार, सुमित, कोमल, एशी, नीरज रस्तौगी, आदेश, कमल, नरेंद्र, विशाल, हर्ष, विजय, आशीष, नमन, नूतन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 24, 2026
Rating:

No comments: