ईद-उल-मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, तिरंगे के साथ दिखा भाईचारे का संदेश
ईद-उल-मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, तिरंगे के साथ दिखा भाईचारे का संदेश
कमाल शाह बाबा की दरगाह से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत और फल-खाद्य सामग्री का वितरण
बुधवार को जश्ने ईद-उल-मिलादुन्नबी का पर्व हजरत मोहम्मद साहब की याद में अकीदत और सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में निकाले गए जुलूस में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी शान से लहराता दिखाई दिया, जिसने भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
जुलूस का शुभारंभ कमाल शाह बाबा की दरगाह और गौसिया मदरसे से हुआ। जुलूस तहसील से शुरू होकर बाईपास रोड, चामुंडा मुहल्ला, मेन बाजार, सब्जी मंडी और तिकोना स्कूल स्थित जामा मस्जिद के मार्ग से गुजरा। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ जुलूस वापस तहसील स्थित मदरसे और दरगाह पर पहुंचकर समाप्त हुआ।
जुलूस का नगर में जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। इसमें शामिल बच्चों, बुजुर्गों और अकीदतमंदों के लिए विभिन्न स्थानों पर फल और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। शेरपुर चुंगी पर आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता नागेंद्र पाल मधुकर ने जरदा वितरित किया, जबकि चामुंडा मुहल्ले में शरीफ मंसूरी के निवास पर खीर और केले बांटे गए। जुलूस मार्ग पर सेब, केला, खीरा और मीठे चावल का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में कारी इसरार, कारी मुहब्बत अली, कारी इमरान, डॉ. नवाब सैफी, डॉ. इस्माइल, आलोक भारती, सभासद आलम शेख, राजा साहब, बाबू, अफजाल, फईम अंसारी, फहीम साबरी, शाकिर मंसूरी, मुमताज इदरीसी, इरफान भगत, कल्लू मंसूरी, अकबर मंसूरी, सिकंदर खान, सैय्यद मशकूर, रहीस सैफी और फुरकान सैफी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी सतेंद्र सरोहा और कस्बा चौकी प्रभारी नीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ जुलूस के पूरे मार्ग पर तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 26, 2026
Rating:


No comments: