बाह नदी में युवक डूबा तेज बहाव की चपेट में आया 34 वर्षीय राजेंद्र
बाह नदी में युवक डूबा तेज बहाव की चपेट में आया 34 वर्षीय राजेंद्र
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम पहुंची मौके पर, गोताखोरों ने शुरू की तलाश
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर क्षेत्र की नदियों में भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को आजमपुर गांव के पास बह रही बाह नदी में तेज बहाव की चपेट में आने से एक 34 वर्षीय युवक डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशिकपुरा मजरा ग्राम पंचायत आजमपुर निवासी राजेंद्र 34 पुत्र मलखान मंगलवार को गांव के पास झुंडपुरा क्षेत्र में बाह नदी के किनारे गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी में तेज बहाव होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों को जानकारी दी गई तो परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को घटना की सूचना दी। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में युवक की तलाश शुरू कराई गई।
तेज बहाव बना तलाश अभियान में बाधा
इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा समेत क्षेत्र की नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। बाह नदी में भी पानी का बहाव काफी तेज बताया जा रहा है। तेज बहाव के कारण गोताखोरों को युवक की तलाश करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की टीम लगातार मौके पर मौजूद रहकर तलाश अभियान की निगरानी कर रही है।
एसडीएम शैलेश कुमार दुबे ने बताया कि 34 वर्षीय युवक राजेंद्र के बाह नदी में डूबने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है और युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 11, 2026
Rating:

No comments: