भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ गांधीनगर
भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ गांधीनगर
निवर्तमान चेयरमैन राजेश सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर लिया आशीर्वाद
कृष्णकांत शास्त्री महाराज के प्रवचनों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
महाराजा शूरसैनी पार्क, गांधीनगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा एवं वैदिक विधि-विधान के साथ हुआ। श्रद्धालु महिलाओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर निकाली गई कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल महाराजा शूरसैनी पार्क पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के जयघोष किए, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कथा स्थल पर पहुंचने के बाद श्रीमद्भागवत महापुराण एवं भगवद्गीता का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात कथा का शुभारंभ पूजनीय कृष्णकांत शास्त्री महाराज के सान्निध्य में हुआ। प्रथम दिवस के अवसर पर निवर्तमान चेयरमैन राजेश सैनी ने कथा स्थल पहुंचकर पूजनीय कृष्णकांत शास्त्री महाराज का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा श्रीमद्भागवत का पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा के सफल आयोजन की कामना की।
अपने प्रथम दिवस के प्रवचनों में पूजनीय कृष्णकांत शास्त्री महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को सत्य, धर्म, प्रेम और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने भगवान की भक्ति, सत्संग और सदाचार के महत्व को सरल एवं प्रेरणादायी उदाहरणों के माध्यम से श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया।
महाराज के ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। कथा के दौरान भजन-कीर्तन पर अनेक श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते दिखाई दिए। पूरे कथा परिसर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर निवर्तमान चेयरमैन राजेश सैनी, शिवचरण सैनी, सोनू वर्मा, ओम प्रकाश सैनी, वीरू ठाकुर, रिंकू, राजबाला देवी, ममता, वीरेंद्र, हरीश यादव, आनंद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
July 12, 2026
Rating:

No comments: