आजाद समाज पार्टी ने संगठन विस्तार को दी नई धार, सोविन्द्र सिंह बने अमरोहा के जिला प्रभारी
आजाद समाज पार्टी ने संगठन विस्तार को दी नई धार, सोविन्द्र सिंह बने अमरोहा के जिला प्रभारी
बहुजन विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम नवाबपुरा भूड़ में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी कांशीराम की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पार्टी के संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा नए पदाधिकारियों की घोषणा करना था। बैठक के दौरान नवाबपुरा भूड़ निवासी सोविन्द्र सिंह पुत्र राजपाल सिंह को पार्टी का अमरोहा जिला प्रभारी नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
नियुक्ति के उपलक्ष्य में गांव में स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने सोविन्द्र सिंह का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दीं। समारोह में मौजूद लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी जिले में और अधिक मजबूत होगी तथा संगठन का जनाधार तेजी से बढ़ेगा।
बताया गया कि यह जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद, प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुनील कुमार चित्तौड़ तथा राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी के दिशा-निर्देशों पर सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम की बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना तथा अमरोहा जिले में संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार सोविन्द्र सिंह की नियुक्ति की संस्तुति राष्ट्रीय महासचिव एवं जोन प्रभारी रविंद्र कुमार भाटी, जोन प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री ई डी. पी. सिंह तथा अमरोहा जिलाध्यक्ष एडवोकेट मनोज कुमार द्वारा की गई थी। नियुक्ति पत्र प्रदेश संगठन मंत्री एवं मुरादाबाद मंडल के मुख्य प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार राणा द्वारा जारी किया गया।
पार्टी नेतृत्व ने नवनियुक्त जिला प्रभारी से अपेक्षा जताई है कि वे संगठन की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पार्टी को जिले में नई मजबूती प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर सोविन्द्र सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे शोषित, वंचित और पिछड़े समाज की आवाज को मजबूती से उठाने के साथ-साथ पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। बैठक एवं सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
July 17, 2026
Rating:

No comments: