किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए भाकियू शंकर ने भरी हुंकार
किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए भाकियू शंकर ने भरी हुंकार
अमरोहा कलेक्ट्रेट घेराव में अधिक से अधिक किसानों से पहुंचने का आह्वान, गन्ना भुगतान व बिजली संकट समेत कई मुद्दे उठाए
भारतीय किसान यूनियन शंकर की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को थाना क्षेत्र के ग्राम कोराला में जिला अध्यक्ष चौधरी नेमपाल सिंह के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चौधरी धर्मवीर सिंह ने की। इस दौरान 6 जून को अमरोहा कलेक्ट्रेट पर प्रस्तावित विशाल किसान महापंचायत, धरना-प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट घेराव कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा क्षेत्र के किसानों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा पांच लाख रुपये किए जाने की घोषणा के बावजूद दो वर्ष बीत जाने पर भी किसानों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल सका है। इसके अलावा मुरादाबाद मंडल के करीब पांच लाख किसानों के हित में बनाई गई मध्य गंगा नहर फेस-2 परियोजना में आज तक पानी नहीं छोड़ा गया है, जिससे किसानों को सिंचाई संकट का सामना करना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि गन्ना किसानों का अरबों रुपये का बकाया भुगतान दो माह बीत जाने के बाद भी नहीं कराया गया है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। वहीं बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। लगातार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति के कारण किसान और आम उपभोक्ता दोनों परेशान हैं।
भारतीय किसान यूनियन शंकर के पदाधिकारियों ने मांग की कि जिस प्रकार देश के कई राज्यों में घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली दी जा रही है, उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में भी घरेलू उपभोक्ताओं को कम से कम 200 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि किसानों को अपने अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे 6 जून को अमरोहा कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसान एकता का परिचय दें और अपनी मांगों को मजबूती से उठाएं।
बैठक में ऋषिपाल सिंह, चौधरी समरपाल सिंह, चौधरी महिपाल सिंह, इंदरपाल सिंह, देवेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, राजपाल सिंह, महेंद्र सिंह, दलवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह फौजी, राकेश, रतनपुर, रामप्रसाद सिंह, गुंजन सिंह, विक्की, सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
June 05, 2026
Rating:

No comments: