नेपाल में कबड्डी में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, मात्र एक अंक से चूका खिताब
नेपाल में कबड्डी में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, मात्र एक अंक से चूका खिताब
उपविजेता बनी भारतीय टीम, कोच नितिन कुमार ने जीता स्वर्ण पदक, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी ने किया सम्मानित
नेपाल के पोखरा शहर में आयोजित नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया 2026 इंटरनेशनल गेम्स में कबड्डी में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया। भारत और नेपाल के बीच हुए बेहद रोमांचक मुकाबले में नेपाल ने 35 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि भारतीय टीम 34 अंकों के साथ मात्र एक अंक के अंतर से दूसरे स्थान पर रही। भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
भारतीय टीम के कोच नितिन कुमार पुत्र श्री महेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम कुमराला बहादुरपुर के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय देते हुए कई मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम अंत तक खिताब की दौड़ में बनी रही, लेकिन अंतिम क्षणों में मात्र एक अंक से पीछे रहकर उपविजेता बनी।
टीम की कप्तान अंशिका पुत्री भूपेंद्र सिंह, निवासी मोहल्ला कटरा, मंडी धनौरा ने टीम का सफल नेतृत्व किया। टीम में नैना पुत्री विजेंद्र कुमार निवासी ग्राम भूतपूरा, प्रतिका पुत्री भूपेंद्र सिंह निवासी मोहल्ला कटरा, मोनिया पुत्री भोले कुमार निवासी मोहल्ला चामुंडा, खुशनवी पुत्री रिफाकत निवासी ग्राम ढ्यौटी, अनम पुत्री महबूब निवासी ग्राम ढ्यौटी तथा हिमांशी पुत्री महीपाल निवासी ग्राम ढ्यौटी शामिल रहीं। समीक्षा पुत्री दीपक कुमार का भी टीम में चयन हुआ था, लेकिन वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकीं।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि भारतीय टीम के कोच नितिन कुमार की रही, जिन्होंने कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके इस स्वर्णिम प्रदर्शन ने न केवल टीम का मनोबल बढ़ाया बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नितिन कुमार जैसे प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं।
नेपाल से लौटने के बाद खिलाड़ियों का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। इसी क्रम में नगर के गजरौला-चांदपुर बाईपास स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी राजेश सैनी ने खिलाड़ियों और कोच नितिन कुमार का फूलमालाएं पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा शुभकामनाएं देकर सम्मान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूदरहे।
पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन होनहार बेटियों और खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर मंडी धनौरा, जनपद अमरोहा और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे विश्व स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और अधिक मेहनत कर स्वर्णिम सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
राजेश सैनी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और सरकार तथा समाज दोनों को खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कोच नितिन कुमार के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में क्षेत्र के बच्चे लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।
सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों के अभिभावकों ने भी अपनी खुशी व्यक्त की और कोच नितिन कुमार तथा पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी का आभार जताया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जमकर प्रशंसा की और कहा कि इनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों, समाजसेवियों तथा गणमान्य लोगों ने सभी खिलाड़ियों एवं कोच नितिन कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर रुद्र कुमार प्रधान, लाल सिंह सैनी प्रधान पति लालापुर, एडवोकेट प्रशांत त्यागी जी सभासद, राजीव सैनी, अनु, रवि कुमार, रिफाकत हुसैन, कमल चौधरी, आदि लोग उपस्थित रहे ।
Reviewed by Hindustan News 18
on
June 17, 2026
Rating:



No comments: