मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा को लेकर मुस्लिम समाज ने उठाई आवाज
मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा को लेकर मुस्लिम समाज ने उठाई आवाज
जुलूस मार्ग पर लटके बिजली तारों को दुरुस्त कराने की मांग, बिजली विभाग ने शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन
नगर में आगामी मोहर्रम जुलूस के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुस्लिम समाज के लोगों ने बिजली विभाग से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। शुक्रवार को सभासद इरशाद अंसारी एवं फईम अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत उपखंड अधिकारी राजन सिंह को ज्ञापन सौंपकर जुलूस मार्ग पर लटके हुए बिजली के तारों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 23 जून 2026 को नगर में अंजुमन के तत्वावधान में मोहर्रम का मुख्य जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। जुलूस जिस मार्ग से होकर गुजरेगा, वहां कई स्थानों पर बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। इनमें घरों और दुकानों के कनेक्शन के तारों के अलावा मुख्य विद्युत आपूर्ति के हाई-वोल्टेज तार भी शामिल हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय बने हुए हैं।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से सभासद इरशाद अंसारी ने कहा कि यदि समय रहते इन तारों को ठीक नहीं कराया गया तो जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना होने की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने विभाग से मांग की कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लटके हुए तारों को ऊंचा कराया जाए अथवा जुलूस के दौरान संबंधित मार्ग की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखने की व्यवस्था की जाए।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए विद्युत उपखंड अधिकारी राजन सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा जल्द ही जुलूस मार्ग का निरीक्षण कराया जाएगा। जहां भी तार नीचे लटके हुए पाए जाएंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाएगा ताकि मोहर्रम के जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे।
इस दौरान सोनम सैफी, शहजाद, नफीस, जुबैर, फैसल सैफी, फारुक, शादाब, अनीस, अफजाल सैफी, इसस्वदीन, टिल्लू, दिलवरी वारसी, चुन्नू, उवेश अंसारी, समीर सहित मुस्लिम समुदाय के अनेक सदस्य एवं नगरवासी मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
June 19, 2026
Rating:

No comments: