Top Ad unit 728 × 90

बड़ी ख़बर

recent

भाकियू (टिकैत) की चेतावनी 4 मई को महापंचायत और चक्का जाम का ऐलान

 3 मई तक मांगे पूरी करो, वरना आंदोलन
भाकियू (टिकैत) की चेतावनी 4 मई को महापंचायत और चक्का जाम का ऐलान

मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर उप जिलाधिकारी शैलेश कुमार दुबे को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 3 मई 2026 तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

मंडल उपाध्यक्ष सौवीर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान तहसील पहुंचे और प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान न होने की स्थिति में 4 मई को तहसील परिसर में महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसके बाद चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन में यूनियन ने छह सूत्रीय मांगें प्रमुखता से उठाईं। किसानों ने जिला सहकारी बैंक द्वारा 7 प्रतिशत ब्याज वसूले जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि पिछले वर्ष की सब्सिडी अब तक उनके खातों में नहीं पहुंची है। इसके अलावा निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से किताबें व ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर किए जाने पर रोक लगाने तथा एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू करने की मांग भी की गई।

किसानों ने गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के कम सर्किल रेट पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर प्रशासन के साथ वार्ता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके।

इसके साथ ही चकबंदी विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और विद्युत विभाग की मनमानी पर रोक लगाने की मांग उठाई गई। यूनियन ने संबंधित उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर इन समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला गन्ना अधिकारी, अमरोहा के साथ वार्ता का समय तय कराने की मांग भी की गई।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि शासन-प्रशासन के पास 3 मई 2026 तक का समय है। यदि इस अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ या वार्ता विफल रही, तो किसान उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष सौवीर सिंह, बचन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी फूलवस सिंह, जयपाल सिंह, मयंक धारीवाल, राजवीर सिंह धारीवाल, नरोत्तम सिंह, मोहित सिद्धू, राजीव राठी, अमन, साजिद और तरुण सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

भाकियू (टिकैत) की चेतावनी 4 मई को महापंचायत और चक्का जाम का ऐलान Reviewed by Hindustan News 18 on April 28, 2026 Rating: 5

No comments:

All Rights Reserved by Hindustan News 18 © 2014 - 2018
Designed By WEB Unnati

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.