मोहिनी एकादशी पर श्याम भक्तों का उमड़ा सैलाब, 336वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित
मोहिनी एकादशी पर श्याम भक्तों का उमड़ा सैलाब, 336वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित
भजनों की स्वर लहरियों में झूमे श्रद्धालु, खीर-चूरमा के भोग के साथ हुआ प्रसाद वितरण
नगर की टीचर कॉलोनी स्थित श्री नवदुर्गा शिव मंदिर परिसर में सोमवार की रात्रि को शुक्ल पक्ष की मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री खाटु श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्याम सरकार की कृपा से लखदातार श्याम बाबा की 336वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
इस दौरान आयोजित भजन संकीर्तन में भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजन गायक दीपक शर्मा ने हम हाथ उठा कर कहते हैं, हम हो गए खाटू वाले भजन प्रस्तुत किया, वहीं कृष वर्मा ने लेके हाथों में निशान, करते बाबा का गुणगान, खाटू जाएंगे भजन से समा बांधा। अर्पित कौशिक ने मेरी अर्जी पे गौर करो, देव शर्मा ने बार-बार मैं तुम्हें पुकारूं, सुन लो लखदातार, शौर्य मित्तल ने क्यों हारे हैं, श्याम के रहते क्यों हारे तथा गोलू सांवरिया ने राधे-राधे बोल, श्याम आएंगे जैसे भजनों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और पूरे मंदिर परिसर में श्याम बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम के दौरान श्याम बाबा के सेवादार दीपक शर्मा द्वारा मोरछड़ी का झाड़ा भी लगाया गया, जिसे भक्तों ने श्रद्धा के साथ ग्रहण किया।
द्वादशी के अवसर पर श्याम बाबा को खीर, चूरमा, केले, पेड़े, बिस्किट और हलवा का भोग अर्पित किया गया, जिसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मनोज मोहित, प्रीती, सर्वेश शर्मा, सुमन, शनि शर्मा, पूनम, हर्ष पांडे, सचिन, सनोज, रोहन, विशाल, हर्ष, सौरभ, विशाल शर्मा, सुनील सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
April 28, 2026
Rating:

No comments: