ढयोटी के जंगल में गोकशी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ढयोटी के जंगल में गोकशी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुठभेड़ में आरोपी जाकिर के पैर में लगी गोली, तमंचा व गोकशी के उपकरण बरामद
थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव ढयोटी के जंगल में शनिवार को गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी थी। रविवार की देर रात पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस तथा गोकशी में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को ढयोटी के जंगल में गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने की सूचना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने धनौरा-शेरपुर रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को जाकिर पुत्र कल्लू निवासी लिसड़ी खुर्द तथा वसीम और शमीम पुत्र नबील निवासी कस्बा बछरायूं के नाम प्रकाश में आए। पुलिस इन आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। रविवार की रात्रि को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे का नामजद आरोपी जाकिर टैंपू लेकर ढयोटी रोड की ओर जा रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कुलदीप तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
बताया गया कि ढ्योटी रास्ते पर आम के बाग के पास पुलिस को एक संदिग्ध टैंपू आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने टैंपू नहीं रोका और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी टैंपू लेकर पास के बाग की ओर मुड़ गया, जहां टैंपू असंतुलित होकर गिर गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आरोपी की चलाई गई गोली थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी जाकिर के दाहिने पैर में लग गई। घायल होने पर पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3000 रुपये नकद, एक छोटा मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा सफेद रंग का टैंपू भी बरामद हुआ है। गोकशी में प्रयुक्त दो छुरी, एक सूजा, एक चापड़ और एक लकड़ी का गुटका भी पुलिस ने बरामद किया है।
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी कुलदीप तोमर, एसएसआई राशिद अख्तर, उपनिरीक्षक विपिन तोमर, हेड कांस्टेबल बेताब जावला तथा कांस्टेबल दीपक शामिल रहे। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 10, 2026
Rating:


No comments: