पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चकनवाला में वार्षिकोत्सव व कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चकनवाला में वार्षिकोत्सव व कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित
एसडीएम ने किया कंप्यूटर लैब का उद्घाटन, छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित 7 विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
ब्लॉक धनौरा क्षेत्र के गांव चकनवाला स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी विभा श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि गजरौला महिला थाना प्रभारी प्रिया रानी तथा खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय में स्थापित कंप्यूटर लैब का उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने कहा कि प्रतिभाएं किसी की मोहताज नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में भी अपार प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और सुविधाओं के माध्यम से निखारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में स्थापित कंप्यूटर लैब के माध्यम से बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का अवसर मिलेगा और वे देश-दुनिया की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं महिला थाना प्रभारी प्रिया रानी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी पीएम श्री विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अपने लक्ष्य को निर्धारित करें और जिस क्षेत्र में उनकी रुचि हो उसी के अनुसार अपना कैरियर तय करें।
इस अवसर पर राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 में विद्यालय के सात विद्यार्थियों के चयनित होने पर उनका सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ की सराहना की।
खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद ने कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए सभी प्रकार की शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने जनपद स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा उनमें अनुशासन की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन नीरज निमल ने किया, जबकि अंत में प्रधानाध्यापक सुखदेव सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एआरपी सत्य प्रकाश गौतम, एआरपी रोहताश सिंह, एआरपी सुनील कुमार, फरमान अली, अंजलि त्यागी, दीपेंद्र सिंह, मनवीर सिंह, अनिल कुमार, परवीन सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, विरेन्द्र सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ व क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 10, 2026
Rating:

No comments: