एसडीएम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने किया निरीक्षण, खामियां मिलने पर प्रबंधन को चेतावनी
मटर फैक्ट्री में गैस रिसाव मामले की जांच तेज..
एसडीएम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने किया निरीक्षण, खामियां मिलने पर प्रबंधन को चेतावनी
गजरौला-चांदपुर मार्ग स्थित गांव चुचैला कलां की मटर फैक्ट्री में रविवार को हुए गैस रिसाव प्रकरण के बाद सोमवार को प्रशासन सक्रिय नजर आया। एसडीएम विभा श्रीवास्तव के नेतृत्व में बिजनौर से आई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम, लेबर इंस्पेक्टर, नायब तहसीलदार और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने फैक्ट्री पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और घटना से संबंधित जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां पाए जाने पर अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान टीम ने फैक्ट्री परिसर में गैस रिसाव की संभावित जगहों, सुरक्षा इंतजामों और गैस पाइपलाइन की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन से गैस रिसाव के कारणों की जानकारी ली और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने फैक्ट्री में लगे उपकरणों और पाइपलाइन की भी जांच की। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से दिए गए जवाब से एसडीएम संतुष्ट नहीं दिखीं और जल्द से जल्द कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि रविवार शाम करीब पांच बजे फैक्ट्री में अचानक गैस रिसाव हो गया था, जिससे फैक्ट्री परिसर में तेज दुर्गंध और धुआं फैल गया था। गैस के प्रभाव से फैक्ट्री में काम कर रहे करीब आधा दर्जन मजदूरों की हालत बिगड़ गई थी और वे बेहोश हो गए थे। घटना से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई थी। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी मजदूरों को तुरंत बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घायलों में गीता, अलका, अनीता, अंजू, नेहा और आरती शामिल थीं। सभी को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी गई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। सड़क से गुजर रहे लोगों को भी गैस की बदबू के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने बताया कि विभिन्न विभागों की टीम के साथ फैक्ट्री का निरीक्षण किया गया है। जांच के दौरान कुछ खामियां सामने आई हैं, जिन पर फैक्ट्री प्रबंधन को चेतावनी देते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण टीम में फील्ड सहायक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रजनीश चौधरी, एसए प्रदूषण बोर्ड सुरेश त्रिपाठी, अग्निशमन अधिकारी कमलेश कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार राजपाल सिंह तथा लेबर इंस्पेक्टर भी शामिल रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 09, 2026
Rating:



No comments: