अमर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज में स्वयंसेवकों ने नाटक व रंगारंग प्रस्तुतियों से बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रा.से.यो. के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन
अमर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज में स्वयंसेवकों ने नाटक व रंगारंग प्रस्तुतियों से बांधा समां
शुक्रवार को नगर के शेरपुर रोड स्थित अमर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन पर स्वयंसेवकों और स्वयंसेविकाओं ने सांस्कृतिक नाटक, गीत और विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंधक अशोक कुमार सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि रा.से.यो. के माध्यम से विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित होती है, जिससे वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को भविष्य में भी समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिकारी मुशर्रफ खान ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रों को सृजनात्मक और रचनात्मक कार्यों के प्रति प्रेरित करती है। सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का कार्य किया। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों से छात्रों के अंदर नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है।
समापन समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्रों ने सामाजिक संदेश से जुड़े नाटक और प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की गई और उन्हें आगे भी समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रूपा, निसार अहमद, योगेश त्यागी, महेश सैनी, शिवा, चन्द्रमोहन सैनी, समरपाल सैनी, निशिन सैनी, अर्शी परवीन सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 13, 2026
Rating:

No comments: