भाकियू टिकैत की मासिक पंचायत में किसानों की समस्याओं पर गरमाई चर्चा
स्मार्ट मीटरों का विरोध, गन्ने का मूल्य 500 रुपये करने की मांग
भाकियू टिकैत की मासिक पंचायत में किसानों की समस्याओं पर गरमाई चर्चा
गुरुवार को धनौरा स्थित विद्युत उपकेंद्र परिसर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों किसान शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी आलोक कुमार ने की, जबकि संचालन रामवीर सिंह ने किया। पंचायत में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
बैठक में विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का किसानों ने जोरदार विरोध किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी उपभोक्ता के यहां जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने इसे किसानों और आम उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ बताते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
इसके अलावा किसानों ने वेव शुगर मिल से बुवाई के लिए अच्छी गुणवत्ता का गन्ना बीज उपलब्ध कराने की मांग उठाई। साथ ही मिल प्रबंधन से आग्रह किया गया कि किसी भी किसान का गन्ना खरीदने से मना न किया जाए। भाकियू ने गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग करते हुए सरकार से इस पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
पंचायत में आलू के न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर भी किसानों ने आवाज उठाई। किसानों ने भारत सरकार से मांग की कि आलू को एमएसपी के दायरे में लाया जाए और इसकी सरकारी खरीद सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। साथ ही क्षेत्र में आवारा पशुओं, हिंसक कुत्तों और बंदरों के आतंक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।वही किसानों ने कहा कि ये जानवर न केवल फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी खतरा बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। किसानों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुए आम जनता को राहत दिलाने की अपील की।
इस अवसर पर भयंकर सिंह यादव, दीपा सिंह, झुन्डे सिंह, चरन सिंह, सुरेन्द्र सैनी, मुनीदेव त्यागी, भारत सिंह त्यागी, राजकली, खुशनुमा, रोमा कौशिक, परवेंद्र सिंह, सचिन त्यागी, जैविन्द्र सिंह, गंगाराम सैनी, अली जफर, सत्यपाल चौहान, हफीज खां और धर्म सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 19, 2026
Rating:

No comments: