नगर में आरएएफ, पीएसी व पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से निगरानी तेज
नगर में आरएएफ, पीएसी व पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से निगरानी तेज
गुरुवार को क्षेत्र में आगामी त्यौहारों ईद-उल-फितर एवं रामनवमी के मद्देनजर शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के निर्देशन में थाना प्रभारी अमरपाल सिंह के नेतृत्व में कस्बे में आरएएफ, पीएसी एवं थाना पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने कस्बे के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने की अपील की। वही थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कस्बे में ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके। इस अवसर पर आरएएफ, सीआरपीएफ के जवानों के साथ यूनिट कमांडर सतबीर सिंह, थाना अध्यक्ष अमरपाल सिंह , उपनिरीक्षक, कस्बा इंचार्ज सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 19, 2026
Rating:

No comments: