आरटीसी सेंटर डिडौली में बेसिक कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
आरटीसी सेंटर डिडौली में बेसिक कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
400 पुलिसकर्मियों को डिजिटल कार्यप्रणाली का दिया गया प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र वितरित
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के निर्देशन में जनपद पुलिस को आधुनिक तकनीक के अनुरूप दक्ष और सशक्त बनाने के उद्देश्य से आरटीसी सेंटर डिडौली में आयोजित बेसिक कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद अमरोहा के 200 रिक्रूट आरक्षियों तथा विभिन्न थानों व कार्यालयों में तैनात 200 पुलिसकर्मियों सहित कुल 400 पुलिस कर्मियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा पुलिसकर्मियों को कम्प्यूटर संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षक दुष्यंत कुमार ने प्रतिभागियों को कम्प्यूटर की मूलभूत जानकारी, एमएस ऑफिस और डाटा एंट्री से संबंधित प्रशिक्षण दिया। वहीं एआई एक्सपर्ट यशी डोगरा ने प्रतिभागियों को कम्प्यूटर के आधारभूत संचालन, एमएस वर्ड, एमएस एक्सेल, इंटरनेट एवं ई-मेल के उपयोग, ऑनलाइन पोर्टल्स के संचालन तथा पुलिस विभाग में प्रयोग होने वाले विभिन्न डिजिटल प्लेटफार्मों के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गई, ताकि वह अपने दैनिक कार्यों में तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें। इससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर कोर्स को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी 400 पुलिसकर्मियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से पुलिस बल को डिजिटल पुलिसिंग के क्षेत्र में और अधिक दक्ष बनाया जा रहा है। इससे आमजन से संबंधित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा पुलिस और जनता के बीच समन्वय भी बेहतर होगा। बताया कि भविष्य में भी पुलिसकर्मियों को नई तकनीकों से अवगत कराने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि बदलते समय के अनुरूप पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक व सक्षम बनाया जा सके।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 12, 2026
Rating:


No comments: