रामपुर तगा में भीम आर्मी–आजाद समाज पार्टी की जनसभा, चुनावी रणनीति पर मंथन
रामपुर तगा में भीम आर्मी–आजाद समाज पार्टी की जनसभा, चुनावी रणनीति पर मंथन
जिला पंचायत चुनाव 2026 को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह, युवाओं ने ली सदस्यता
क्षेत्र के ग्राम रामपुर तगा में शनिवार को भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी की संयुक्त जनसभा आयोजित की गई। सभा में आगामी 2026 के जिला पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बहुजन समाज से अपनी राजनीतिक ताकत को एकजुट होकर प्रदर्शित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला जिला पंचायत चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जुट जाएं। उपस्थित ग्रामीणों ने भी आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान दर्जनों युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर संगठन को मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने की अपील की। सभा में राजनीतिक चर्चा के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने मुस्लिम समाज सहित क्षेत्रवासियों को आगामी ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर न्याय और अधिकारों की लड़ाई लड़ना है।
सभा में यह भी जानकारी दी गई कि 29 मार्च को ग्राम रहमापुर माफी में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न सिंह के शामिल होने की संभावना है। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंडल सह-संयोजक व अमरोहा प्रभारी मोनू सागर, जिला संयोजक अजब सिंह, जिला प्रभारी सोमेंद्र कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत गौतम, तहसील संयोजक सोविन्द्र सिंह, जिला महासचिव मोनू सहबाजपुरिया, मीडिया प्रभारी सतेंद्र प्रधान, पूर्व भाईचारा जिला अध्यक्ष बंटी भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 21, 2026
Rating:


No comments: