धनौरा नगर पालिका में 5 मनोनीत सभासदों की घोषणा
धनौरा नगर पालिका में 5 मनोनीत सभासदों की घोषणा
अनुभव और युवाओं का संतुलन, भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग, लखनऊ ने नगर पालिका परिषद धनौरा के लिए पांच मनोनीत (नामित) सभासदों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। सूची जारी होते ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
शासन द्वारा जारी सूची में मनोनीत सदस्यों के नाम इस प्रकार हैं— सीमा रानी (पत्नी जितेन्द्र कुमार, सुभाष नगर), ओमवीर सिंह (पुत्र राम अवतार सिंह, कटरा), प्रत्यक्ष शर्मा (पुत्र वीरेन्द्र शर्मा, महादेव), कुसुम अग्रवाल (पत्नी प्रभाष अग्रवाल, विजयनगर मंडी) और जसवीर सिंह (पुत्र हरपाल सिंह, कलाली रोड)।
इस सूची में अनुभवी और युवा चेहरों का संतुलन साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। कुसुम अग्रवाल (गोयल) जैसे लंबे समय से सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है, वहीं प्रत्यक्ष शर्मा जैसे युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है। इसे युवाओं को सक्रिय राजनीति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नगर पालिका परिषद धनौरा के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने सभी नव-मनोनीत सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि शासन ने अनुभवी और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को चुनकर नगर के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्य बोर्ड की बैठकों में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करेंगे।
घोषणा के बाद विभिन्न मोहल्लों में समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। स्थानीय नेताओं का मानना है कि इन सदस्यों के बोर्ड में शामिल होने से विकास कार्यों की निगरानी बेहतर होगी और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। समर्थकों ने इस निर्णय के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 16, 2026
Rating:





No comments: