नगर पालिका की 15वीं बोर्ड बैठक में 27.33 करोड़ का बजट
नगर पालिका की 15वीं बोर्ड बैठक में 27.33 करोड़ का बजट पास
रेलवे स्टेशन रोड चौड़ीकरण, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर मुहर — बंदरों के आतंक और सीमा से बाहर खर्च पर भी गरमाई बैठक
शनिवार दोपहर सभागार में नगर पालिका परिषद की 15वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास के लिए 27 करोड़ 33 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी अवधेश वर्मा द्वारा किया गया।
बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। प्रमुख रूप से रेलवे स्टेशन रोड के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का निर्णय लिया गया, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य को आउटसोर्स करने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
बैठक के दौरान विभिन्न जनसमस्याओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। सभासद अशोक धरौटिया ने शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा उठाते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बंदरों के कारण आमजन, विशेषकर महिलाएं और बच्चे, काफी परेशान हैं।
वहीं, अंत्येष्टि स्थल को लेकर सभासद नौशाद मंसूरी द्वारा उठाए गए सवाल पर सदन का माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया। इस दौरान सभासद नौशाद मंसूरी और राजू बादशाह के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को बिगड़ता देख पालिका अध्यक्ष ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया और बैठक की कार्यवाही को आगे बढ़ाया।
इसके अतिरिक्त सभासद आलम शेख ने पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तहसील धनौरा और थाना रोड नगर पालिका क्षेत्र की सीमा में नहीं आते, तो वहां विकास कार्यों पर धन खर्च करना नियमों के विपरीत है। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए स्पष्ट नीति अपनाने की मांग की।
बैठक में उमेश सैनी, सोनू कुमार, दुलीचंद गिहार, गुरवचन सिंह, अनवार सैफी, भोला, समीर अहमद, गौरव धारीवाल, मंजीत कौर, पूनम रानी, अंशुल, शबाना सहित अन्य सभासदों एवं पालिका कर्मियों की मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 28, 2026
Rating:

No comments: