चामुंडा मोहल्ले में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
चामुंडा मोहल्ले में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
15वें वित्त आयोग के तहत सड़क निर्माण व विद्युत पोल स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजने की तैयारी
नगर पालिका परिषद ने चामुंडा मोहल्ले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस कदम उठाना शुरू कर दिया है। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत चामुंडा मोहल्ला शेरपुर चुंगी के समीप प्रस्तावित विकास कार्यों को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
प्रस्तावित विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए एसडीएम विभा श्रीवास्तव, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवधेश वर्मा तथा लिपिक उमेश सैनी ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने एफसीआई गोदाम के पास स्थित जर्जर सड़क के निर्माण स्थल और चामुंडा मोहल्ले में विद्युत पोल लगाए जाने वाले स्थानों का बारीकी से मुआयना किया।
नगर पालिका द्वारा तैयार प्रस्ताव में दो प्रमुख कार्य शामिल हैं। एफसीआई गोदाम के पास स्थित जर्जर मार्ग का पुनरुद्धार तथा चामुंडा मोहल्ले में नए विद्युत पोल स्थापित कर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करना। सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों के आवागमन में सुगमता होगी, वहीं प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से रात्रिकालीन सुरक्षा और सुविधा में वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी अवधेश वर्मा ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से बजट उपलब्धता के आधार पर इन कार्यों को प्राथमिकता में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से जलभराव और कीचड़ जैसी समस्याओं से स्थानीय व्यापारियों और मोहल्ले के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने संतोष जताते हुए नगर पालिका चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
February 05, 2026
Rating:

No comments: