ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप
ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप
पीड़ित ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग, धमकी व गाली-गलौज का भी लगाया आरोप
तहसील आंवला क्षेत्र के थाना भमोरा अंतर्गत ग्राम सेंधी में ग्राम समाज की सरकारी भूमि बंजर पर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम निवासी मनु पुत्र सुधीर यादव ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने और दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने बताया कि ग्राम सेंधी में गाटा संख्या 297 सरकारी बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव के ही निवासी राकेश पुत्र रशीम द्वारा उक्त सरकारी भूमि पर जबरन अवैध रूप से कब्जा कर मकान का निर्माण कराया जा रहा है। जब गांव के लोगों ने इस अवैध निर्माण का विरोध किया तो आरोपी ने धमकी देते हुए निर्माण कार्य न रोकने की बात कही।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी राकेश ने न केवल धमकाया बल्कि मां-बहन की अशोभनीय गालियां भी दीं और कहा कि वह किसी भी हालत में उक्त स्थान नहीं छोड़ेगा तथा निर्माण कार्य जारी रखेगा। इससे गांव के लोगों में भय और रोष का माहौल व्याप्त है।
प्रार्थी ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम समाज की भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और दोषी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सरकारी भूमि पर कब्जा करने का दुस्साहस न कर सके।
मामले की शिकायत 3 फरवरी 2026 को प्रशासन को दी गई है। ग्रामीणों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।
Reviewed by Hindustan News 18
on
February 05, 2026
Rating:

No comments: