जिलाधिकारी का नगर पालिका धनौरा में औचक निरीक्षण कर वसूली, स्वच्छता और डिजिटल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जिलाधिकारी का नगर पालिका धनौरा में औचक निरीक्षण
कर वसूली, स्वच्छता और डिजिटल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
पालिका की कार्यप्रणाली पर डीएम की पैनी नजर
लेखा, गृहकर और सफाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर जोर
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को नगर पालिका का वार्षिक औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेखा अनुभाग, निर्माण एवं जलकर विभाग, गृहकर व जन्म-मृत्यु विभाग, अधिशासी अधिकारी कार्यालय, रैन बसेरा, स्वच्छ भारत मिशन स्वच्छता सेल, रिड्यूस-रियूज-रिसाइकिल सेंटर सहित पूरे पालिका परिसर का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत लेखा अनुभाग से करते हुए जिलाधिकारी ने सफाई कर्मचारियों की संख्या, नियमित एवं संविदा कर्मचारियों की स्थिति तथा उनके कार्यस्थलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्य विभाजन पत्रावली और अधिष्ठान अनुभाग में सर्विस बुक का भी निरीक्षण किया गया, जो पूर्ण पाई गई। उन्होंने लेखाकार को निर्देश दिए कि जो अकाउंट संचालित नहीं हो रहे हैं, उनके संबंध में शासन से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही टीडीएस कटौती, एनपीएस प्रविष्टियों तथा लंबित विभागीय कार्यवाहियों की भी जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए
जिलाधिकारी ने उपलब्ध फंड, विभिन्न ग्रांटों से प्राप्त धनराशि, उसकी प्राप्ति तिथि तथा अब तक हुए व्यय का भी विवरण लिया। बोर्ड फंड का अवलोकन करते हुए कर एवं करेत्तर वसूली की स्थिति तथा बकाया राशि के संबंध में समीक्षा की।
गृहकर एवं जन्म-मृत्यु विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रमाण पत्र रजिस्टर का निरीक्षण किया और प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की समयावधि की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। वार्डवार आवासीय व अनावासीय भवनों पर कर वसूली की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि कर भुगतान को सरल बनाने के लिए बैंक के सहयोग से ई-पॉश मशीन की व्यवस्था की जाए, जिससे नागरिकों को सुविधा मिले और वसूली में पारदर्शिता आए।
उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को पारदर्शी व प्रभावी बनाने तथा इसे डिजिटल प्रणाली से जोड़ने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की जानकारी लेकर उसमें तेजी लाने को कहा।
पालिका परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लटक रहे विद्युत तारों को ठीक कराने, सीसीटीवी कैमरों की संख्या एवं उनकी कार्यशीलता की जानकारी लेने तथा परिसर में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
February 11, 2026
Rating:


No comments: