40 वर्षों से रोज़ी-रोटी कमा रहे दुकानदारों पर संकट बाउंड्री वॉल निर्माण के नाम पर बेदखली का विरोध, भाकियू शंकर के नेतृत्व में सैकड़ों ने दिया धरना
40 वर्षों से रोज़ी-रोटी कमा रहे दुकानदारों पर संकट बाउंड्री वॉल निर्माण के नाम पर बेदखली का विरोध, भाकियू शंकर के नेतृत्व में सैकड़ों ने दिया धरना
रामलीला मैदान के दक्षिणी छोर पर पिछले लगभग 40 वर्षों से दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे रेहड़ी-पटरी और खोखा संचालकों के विस्थापन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन शंकर के नेतृत्व में सैकड़ों दुकानदारों ने रामलीला मैदान में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र नायब तहसीलदार राजपाल सिंह को सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई।इस दौरान
धरने को संबोधित करते हुए भाकियू शंकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के गरीब विक्रेताओं को हटाया जाना उनके मौलिक अधिकारों का सीधा हनन है। उन्होंने कहा कि ये लोग दशकों से फल, सब्जी और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। यदि इन्हें अचानक हटा दिया गया तो सैकड़ों परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने अपने मांग पत्र में कहा कि किसी भी वेंडर को बिना सर्वे और बिना पुनर्वास के हटाना असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार पहले टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन कर सर्वे कराया जाना अनिवार्य है, उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जा सकती है।
दुकानदारों की प्रमुख मांगों में बाउंड्री वॉल के नाम पर चल रही बेदखली की कार्यवाही को तत्काल प्रभाव से रोकना, टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन कर विधिवत सर्वे कराना, यदि निर्माण कार्य आवश्यक हो तो पहले बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराना तथा पुराने विक्रेताओं को प्राथमिकता के आधार पर वेंडिंग सर्टिफिकेट जारी करना शामिल है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यह केवल खोखे हटाने का मामला नहीं, बल्कि सैकड़ों गरीब परिवारों के बच्चों के भविष्य और उनकी रोज़ी-रोटी से जुड़ा प्रश्न है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेताया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर भाकियू शंकर के राष्ट्रीय प्रवक्ता सत्यवीर सिंह, जिलाध्यक्ष (मुरादाबाद) राहुल यादव, नरेश चंद कौशिक, महेंद्र, बाबूराम, धर्मवीर सैनी, सावित्री, राधेश्याम, रामगोपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, प्रीतम सिंह, प्रियंका भटनागर, शीशपाल सैनी, रामेश्वर सैनी, राकेश रतनपुरिया, पूनम चौधरी, मंजू चौधरी, भगतराम सैनी, शिवचरन सैनी सहित बड़ी संख्या में प्रभावित दुकानदार मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
February 27, 2026
Rating:

No comments: