श्री नवदुर्गा शिव मंदिर में फागुन एकादशी पर भव्य संकीर्तन, 330वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित
श्री नवदुर्गा शिव मंदिर में फागुन एकादशी पर भव्य संकीर्तन, 330वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित
नगर की टीचर कॉलोनी स्थित श्री नवदुर्गा शिव मंदिर परिसर में शुक्रवार रात्रि फागुन मास के शुक्ल पक्ष की आंवला रंग भरनी एकादशी के पावन पर श्री खाटु श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में भव्य संकीर्तन एवं ज्योति प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने लखदातार श्याम सरकार का आकर्षक श्रृंगार कर 330वीं पवित्र ज्योति प्रज्वलित की और पूरे श्रद्धा-भाव से भजनों का गुणगान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुई। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जैसे ही ज्योति प्रज्वलित हुई, भक्तों ने श्याम बाबा की जय के जयकारों से मंदिर प्रांगण को गुंजायमान कर दिया।
संकीर्तन में भजन गायक दीपक शर्मा ने भावपूर्ण प्रस्तुति देते हुए भजन गाया तेरे दरवाजे पे एक अर्जी छोड़ी है, पढ़ लेना ओ बाबा ये बहुत जरूरी है।इस भजन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके अलावा भजन गायक अर्पित, कौशिक, कृष वर्मा, मीनू शर्मा, नमन रस्तोगी और देव शर्मा ने भी एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर धुन पर भक्त झूमने को मजबूर हो उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया। इस दौरान श्याम बाबा के सेवादार दीपक शर्मा ने श्रद्धालुओं पर मोरछड़ी का झाड़ा लगाते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने बताया कि द्वादशी के अवसर पर हारे के सहारे श्याम सरकार को खीर, चूरमा, केले, पेड़े, बिस्किट और हलुए का भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर सचिन, पूनम, सर्वेश शर्मा, सुमन, राजकुमार, मोहित, नीरज रस्तोगी, मनोज सैनी, अंकुर, ज्योति, विशाल, नरेंद्र अग्रवाल, पुष्पेंद्र, राखी, विनीत, जय श्री, नूतन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
February 28, 2026
Rating:

No comments: