खोखे व ठेले हटाने के विरोध में तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गरीबों के रोजगार पर संकट
खोखे व ठेले हटाने के विरोध में तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से कमेलपुर रोड पर खोखे और ठेले लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। खोखे व ठेले व्यापारी निर्धन परिवारों से संबंध रखते हैं और उनके पास आय का कोई अन्य साधन नहीं है। वर्तमान में प्रशासन द्वारा रामलीला की भूमि की पैमाइश कर वहां चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी जद में इनके खोखे और ठेले आ रहे हैं।
दुकानदारों ने एसडीएम को अवगत कराया कि यदि उनके खोखे और ठेले हटाए गए तो उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा और दर्जनों परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि न्यायहित में या तो उनके खोखों को यथावत रहने दिया जाए या फिर प्रशासन द्वारा उनके व्यवसाय के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
उपजिलाधिकारी विभा श्रीवास्तव ने प्रदर्शनकारियों की बात को सुना और ज्ञापन लेते हुए बताया कि शासन के नियमों के अंतर्गत रामलीला की भूमि पर चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि वे अपना पक्ष रामलीला कमेटी के समक्ष रखें, क्योंकि इस मामले का समाधान कमेटी द्वारा ही निकाला जाएगा।
प्रदर्शन में शीशपाल सैनी, भगतराम सैनी, ओमकार, धर्मवीर, सोनू सैनी, बलबीर सिंह, महेंद्र सिंह, भोला, ओमप्रकाश, महिपाल सैनी, अतर सिंह, विकास बंसल, राधेश्याम, अमर सिंह सैनी, लाल बाबू, नरेश सैनी, अशोक सैनी, अशोक कुमार,रवि सैनी,ओमी वर्मा, ममता सहित अन्य खोखा व ठेले दुकानदार मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
January 21, 2026
Rating:


No comments: