बूढ़े बाबू के मठ पर लगा मेला, श्रद्धा और आस्था के बीच उमड़ा जनसैलाब
बूढ़े बाबू के मठ पर लगा मेला, श्रद्धा और आस्था के बीच उमड़ा जनसैलाब
मंगलवार को नगर के मौहल्ला महादेव स्थित अल्लीपुर खादर में बूढ़े बाबू के मठ पर प्राचीन परंपरा के अनुसार श्रद्धा और उत्साह के साथ मेला आयोजित हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मठ परिसर में जुटनी शुरू हो गई, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक माहौल में सराबोर नजर आया।
मठ के पुजारी ने बताया कि बूढ़े बाबू के मठ पर यह मेला अनेकों वर्षों से लगातार लगता चला आ रहा है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले श्रद्धालु पहले मठ पर पहुंचकर बूढ़े बाबू के दरबार में प्रसाद चढ़ाते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इसके बाद श्रद्धालु आनंद धाम आश्रम के तालाब में हाथ-मुंह धोकर जात लगवाते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आनंद धाम आश्रम के तालाब के पवित्र जल से हाथ-मुंह धोने से चर्म रोगों में राहत मिलती है। इसी विश्वास के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों और परिजनों के साथ मेले में पहुंचे और धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन किया।
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। बच्चों के लिए तरह-तरह के तमाशे और झूले लगाए गए, जिनका उन्होंने खूब आनंद लिया। वहीं चाट, पकौड़ी, मिठाइयों और अन्य खानपान की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। महिलाओं के लिए मीना बाजार भी लगाया गया, जहां घरेलू सामान, खिलौने और श्रृंगार की वस्तुओं की खरीदारी होती रही।
मेले के आयोजन से आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने जहां आस्था के साथ पूजा-अर्चना की, वहीं परिवार के साथ मेले का आनंद उठाकर दिन को यादगार बनाया।
Reviewed by Hindustan News 18
on
January 19, 2026
Rating:


No comments: