मलेशिया गांव में शनि देव महाराज की मूर्ति की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा, श्रद्धा और उल्लास से गूंजा क्षेत्र
मलेशिया गांव में शनि देव महाराज की मूर्ति की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा, श्रद्धा और उल्लास से गूंजा क्षेत्र
क्षेत्र के गांव मलेशिया में शनिवार को श्री शनि देव महाराज की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य एवं दिव्य आयोजन पूरे विधि-विधान और गहरी श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस पावन पर गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बन गया और हर ओर शनि देव के जयकारों की गूंज सुनाई दी। मूर्ति की स्थापना धर्मबीर यादव द्वारा अपने परिवार और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से कराई गई। जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व लगातार पांच दिनों तक गांव में पूजा-पाठ, हवन, अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इस दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए और पूरे मनोयोग से धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। प्राण-प्रतिष्ठा से पहले शनि देव महाराज की प्रतिमा को पूरे गांव में शोभायात्रा के रूप में भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा में डीजे की भक्ति धुनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए, वहीं शनि देव महाराज के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। कार्यक्रम में धनौरा नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मूर्ति स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों और ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। वही पूजा-पाठ और हवन का कार्य आचार्य सुधीर पंडित, प्रबल वशिष्ठ, कुलदीप शास्त्री और निकेत शास्त्री द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जब शनि देव महाराज की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, तो श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
ग्रामीणों का कहना है कि शनि देव महाराज की स्थापना से गांव और क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। आयोजन को सफल बनाने में पूरे गांव का विशेष योगदान रहा और सभी ने एकजुट होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप दिया।
इस अवसर पर राजेंद्र यादव, विजेंद्र यादव, रंजीत यादव, शनि यादव, लोकेंद्र, कुंवरपाल, आकाश यादव, हरीश यादव, पुरु, अंकित यादव, इंद्रजीत, अमित, नरेश सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
January 31, 2026
Rating:

No comments: