एसडीएम विभा श्रीवास्तव की सख्ती: एसआईआर कार्य में लापरवाही पर शिक्षकों व कर्मचारियों को फटकार
एसडीएम विभा श्रीवास्तव की सख्ती: एसआईआर कार्य में लापरवाही पर शिक्षकों व कर्मचारियों को फटकार
तहसील सभागार में मंगलवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने की। बैठक के दौरान निर्वाचन कार्यों में लापरवाही सामने आने पर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए ड्यूटी में शिथिलता बरतने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।
एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में ढिलाई बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान कुछ महिला शिक्षकों ने अपनी समस्याएं रखते हुए आरोप लगाया कि ड्यूटी पर जाने को लेकर संबंधित विद्यालयों के हेडमास्टर आपत्ति जताते हैं, जिससे उन्हें मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में तैनात शिक्षकों को बिना किसी बाधा के अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। यदि किसी हेडमास्टर द्वारा ड्यूटी में बाधा उत्पन्न की जाती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा बैठक में अनुपस्थित पाए गए बीएलओ और सुपरवाइजरों के प्रति भी एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही उपस्थिति पंजिका की जांच कराई और अनुपस्थित सभी कर्मचारियों से लिखित स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ वेतन रोकने की संस्तुति भी की जा सकती है।एसडीएम ने सभी कर्मियों को निर्देश दिए कि वह मतदाता डेटा का सत्यापन करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य पूरी तरह समयबद्ध है और इसमें एक दिन की भी देरी पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
इस अवसर पर गौरव कुमार, रमेश सैनी, दिनेश कुमार सहित तहसील प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षक, बीएलओ और सुपरवाइजर भी मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
January 27, 2026
Rating:


No comments: