रमपुरा खादर में निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
रमपुरा खादर में निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
विधायक राजीव तरारा ने फीता काटकर व गोवंश को गुड़ खिलाकर किया शिविर का शुभारंभ
पशुपालकों को उन्नत एवं सुलभ पशु स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ तथा पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान और इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के वित्तीय सहयोग से गुरुवार को क्षेत्र के गांव रमपुरा खादर में एक निःशुल्क पशु स्वास्थ्य एवं बाँझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पशुपालकों ने सहभागिता की।शिविर का शुभारंभ विधायक राजीव तरारा द्वारा फीता काटकर व गोवंशो को गुड़ खिलाकर किया।इस दौरान विधायक राजीव तरारा ने कहा कि वर्तमान समय में पशुओं में बाँझपन एवं प्रजनन संबंधी समस्याएँ पशुपालकों के लिए एक गंभीर आर्थिक चुनौती बनती जा रही हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय एवं पशुपालन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह शिविर पशुपालकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पशु चिकित्सा वैज्ञानिकों के माध्यम से अल्ट्रासोनोग्राफी, माइक्रोस्कोपी तथा अन्य आधुनिक निदान तकनीकों का प्रयोग कर पशुओं में बाँझपन की सही पहचान करना एवं मौके पर ही उचित उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराना है।
विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अमित वर्मा ने पशुओं में बाँझपन की समस्या पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि खनिज तत्वों की कमी, हीट में न आना, साइलेंट हीट, हार्मोनल असंतुलन, अंडाशय में सिस्ट, गर्भाशय में संक्रमण, प्रसवोत्तर जटिलताएँ तथा कृत्रिम गर्भाधान में अनावश्यक देरी जैसे कारण बाँझपन के प्रमुख कारक हैं। उन्होंने पशुपालकों को वैज्ञानिक सलाह देते हुए कहा कि पशुओं को संतुलित एवं पोषक आहार के साथ नियमित रूप से खनिज मिश्रण अवश्य दें, हीट के लक्षणों की सही पहचान करें, समय पर कृत्रिम गर्भाधान कराएँ तथा प्रसव के बाद पशु की स्वच्छता, उचित देखभाल एवं तनाव-मुक्त आवास सुनिश्चित करें। क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी डॉ. भागेश सिंह ने बताया कि शिविर में विश्वविद्यालय एवं पशुपालन विभाग के डॉ. अमित वर्मा, डॉ. प्रेम सागर मौर्य, डॉ. विकास सचान, डॉ. अरबिंद सिंह, डॉ. अजीत कुमार सिंह, डॉ. दीपाक्षी सहित अन्य पशु चिकित्सकों ने गाँव एवं आसपास के क्षेत्र के 175 से अधिक पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। साथ ही पशुपालकों को पशु प्रबंधन, पोषण एवं रोग निवारण संबंधी परामर्श भी दिया गया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान सहित काफी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
December 18, 2025
Rating:


No comments: