युवाओं के कंधों पर समाज परिवर्तन की बड़ी जिम्मेदारी : शरद
युवाओं के कंधों पर समाज परिवर्तन की बड़ी जिम्मेदारी : शरद
आरएसएस के युवा एकत्रीकरण कार्यक्रम में नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर
नगर के शिव रिसोर्ट बैंक्वेट हॉल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नगर खंड इकाई की ओर से युवा एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शारीरिक गतिविधियों से हुआ। स्वयंसेवकों ने योग, आसन और समता सहित विभिन्न शाखा कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इसके बाद संभल के विभाग प्रचारक शरद ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन केवल व्यक्तिगत प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने से संभव है।
उन्होंने नागरिक कर्तव्यों के पालन को समाज निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सामाजिक समरसता को व्यवहार में उतारने पर जोर दिया। कहा कि समाज में आपसी सहयोग, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत होना आवश्यक है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और स्व के बोध को भी उन्होंने वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
शिक्षा व्यक्ति के जीवन का मजबूत आधार
विभाग प्रचारक शरद ने युवाओं को शिक्षा के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ उसके सोचने और समाज के प्रति जिम्मेदारियों को समझने की क्षमता को विकसित करती है। युवाओं को शिक्षा के माध्यम से अपने ज्ञान और व्यक्तित्व को विकसित करते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष ग्राम लाडनपुर निवासी शशांक कुमार ने वर्तमान परिवेश में युवाओं के लिए आदर्श दिनचर्या के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने दिनचर्या में अनुशासन बनाए रखने के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासित जीवन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में उत्साह और अनुशासन देखने को मिला। आयोजकों ने युवाओं को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ऋषभ त्यागी, चंद्रशेखर, अशोक कुमार, शिवम, पंकज, सचिन, महेंद्र, मनीष, अनुज, ऋतिक, लक्की, पवन, मुदित, हैप्पी, आयुष, अंकित, अमित गर्ग, मनु अग्रवाल, राज कुमार, आकाश, निपुण, देवाशीष आदि मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
September 13, 2026
Rating:

No comments: