Top Ad unit 728 × 90

बड़ी ख़बर

recent

बाहे नदी में डूबने से युवक की मौत, दो दिन बाद बरामद हुआ शव

 बाहे नदी में डूबने से युवक की मौत, दो दिन बाद बरामद हुआ शव

गाय-भैंस चराते समय गहरे गड्ढे में फिसला था ललित, तीन सप्ताह में नदी में डूबने की तीसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत

थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में सोमवार को बाहे नदी में डूबे युवक का शव बुधवार सुबह करीब नौ बजे कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय ललित कश्यप पुत्र भजन सिंह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे ललित कश्यप गांव के समीप जंगल में गाय-भैंस चराने के लिए गया था। पशु चराते समय वह बाहे नदी के पास पानी से भरे एक गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि नदी में तेज बहाव होने के कारण वह पानी के साथ बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

ललित के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी और आसपास के खादर क्षेत्र में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और ग्रामीणों ने लगातार नदी में उसकी तलाश जारी रखी।

बुधवार सुबह करीब नौ बजे काफी प्रयास के बाद ललित का शव नदी से बाहर निकाला जा सका। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अविवाहित था और उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।


तीन सप्ताह में डूबने की तीसरी घटना



शेरपुर चौकी क्षेत्र की बाहे नदी में लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पिछले करीब तीन सप्ताह में नदी में डूबने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 31 अगस्त को बाहे नदी में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, 11 अगस्त को आशिकपुरा निवासी राजेंद्र पुत्र मलखान की भी नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई थी। लगातार हो रही मौतों के चलते ग्रामीण नदी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं।



 नदी-नालों से दूर रहने की अपील


शेरपुर पुलिस चौकी प्रभारी राजकिशोर सिंह ने बताया कि खादर क्षेत्र में वर्तमान समय में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। नदियों और नालों में पानी का स्तर काफी बढ़ा हुआ है तथा कई स्थानों पर तेज बहाव बना हुआ है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित गांवों के ग्राम प्रधानों और जागरूक ग्रामीणों के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वही थाना प्रभारी सतेन्द्र सरोहा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों से नदी, नालों और पानी से भरे गहरे व खतरनाक गड्ढों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

बाहे नदी में डूबने से युवक की मौत, दो दिन बाद बरामद हुआ शव Reviewed by Hindustan News 18 on September 02, 2026 Rating: 5

No comments:

All Rights Reserved by Hindustan News 18 © 2014 - 2018
Designed By WEB Unnati

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.