राष्ट्रीय गोरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला मंत्री बने मो. कासिम
राष्ट्रीय गोरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला मंत्री बने मो. कासिम
भाजपा नेता फैजान रईस के आवास पर हुआ भव्य स्वागत, संगठन विस्तार और गौसेवा को नई गति देने का लिया संकल्प
राष्ट्रीय गोरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ द्वारा चलाए जा रहे संगठन विस्तार अभियान के तहत बिजनौर जनपद के रसूलपुर नगला निवासी मो. कासिम पुत्र मेहंदी को संगठन के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का जिला मंत्री मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति से संगठन के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिजनौर जनपद में संगठन का विस्तार होगा तथा गौसंरक्षण, गौसेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. इंद्रेश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सिंह सेंगर, स्वतंत्र प्रभारी विक्रमादित्य सिंह चंदेल, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रिन्स जैन तथा राष्ट्रीय प्रभारी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अहमद खान की सहमति से की गई है।
नवनियुक्त जिला मंत्री मो. कासिम ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे अल्पसंख्यक समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने, गौसंरक्षण एवं गौसेवा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने संगठन की नीतियों और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय गोरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ निरंतर गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। ऐसे में मो. कासिम जैसे सक्रिय कार्यकर्ता की नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और बिजनौर जनपद में सेवा कार्यों को और अधिक गति प्राप्त होगी।
नियुक्ति के उपरांत राष्ट्रीय मुस्लिम मंच एवं भारत फर्स्ट के प्रांत संयोजक, भाजपा नेता तथा मंडल कार्यसमिति सदस्य फैजान रईस के बछरायूं स्थित आवास पर मो. कासिम का फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर शमीम कुरैशी, मुस्तकीम उर्फ गोलू, असलम, इरशाद कुरैशी, मन्ना उर्फ दानिश सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
July 07, 2026
Rating:

No comments: