मंडी धनौरा में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश दबोचे
मंडी धनौरा में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश दबोचे
ई-रिक्शा चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर लूटने वाले आरोपियों के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचे, बाइक व 10 हजार रुपये बरामद
थाना मंडी धनौरा पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर ई-रिक्शा लूटने की घटना का खुलासा करते हुए शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ में एक मुख्य आरक्षी भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक और चोरी की ई-रिक्शा बेचकर मिले 10 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17/18 जुलाई की रात प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सरोहा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से रामगंगा पोषक नहर स्थित गादीखेड़ा पुल की ओर आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहम्मद उमर के बाएं पैर और मोहम्मद वसीम के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरक्षी अरविंद कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 12 जुलाई को उन्होंने एक बुजुर्ग ई-रिक्शा चालक को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। चालक के बेहोश होने के बाद उसका ई-रिक्शा चोरी कर बेच दिया था। बिक्री से मिले 10 हजार रुपये भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उमर पुत्र मोहम्मद इस्लाम निवासी खानपुर कमालपुर थाना चांदपुर और मोहम्मद वसीम पुत्र नईम अहमद निवासी ढकिया उर्फ महमुल्लापुर थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ बिजनौर और अमरोहा के विभिन्न थानों में चोरी, नशीला पदार्थ देकर लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, तमंचों में फंसे खोखा व मिस कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल तथा चोरी की ई-रिक्शा बेचकर प्राप्त 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सरोहा, उपनिरीक्षक मोहम्मद मोईन, उपनिरीक्षक रवि कुमार, मुख्य आरक्षी मान सिंह सहित थाना मंडी धनौरा की पुलिस टीम शामिल रही।
Reviewed by Hindustan News 18
on
July 18, 2026
Rating:



No comments: