नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर हुआ मंथन
नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर हुआ मंथन
आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक श्मशान घाट का प्रस्ताव शासन को भेजा, सफाई व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
नगर पालिका की 16वीं बोर्ड बैठक बुधवार को पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल की अध्यक्षता तथा अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार वर्मा की उपस्थिति में पालिका सभागार में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा मार्च से मई 2026 तक के आय-व्यय की समीक्षा की गई। इस दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नगर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से अमरोहा रोड पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक श्मशान घाट के निर्माण हेतु शासन को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही अमरोहा रोड स्थित हरिजन श्मशान घाट पर मुख्य द्वार निर्माण एवं टाइल्स लगवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निर्णय लिया गया कि नगर के होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल एवं अन्य प्रतिष्ठानों से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही नागरिकों को नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान नगर में वाई-फाई सुविधा के मुद्दे पर सभासदों के बीच चर्चा हुई। वहीं स्टेशन रोड क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग भी उठाई गई। सभासदों ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त स्थान पर शौचालय निर्माण कराने पर बल दिया।
वार्डों और मोहल्लों की पहचान को स्पष्ट करने के उद्देश्य से कटरा मोहल्ले के वर्गीकरण एवं अलग-अलग नामकरण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। इसके अतिरिक्त सफाई व्यवस्था को लेकर सभासदों ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सफाई नायकों की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है। सभी सुझावों एवं प्रस्तावों पर गंभीरता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सभासद दुलीचंद गिहार, गुरवचन सिंह,जगत सैनी,समीर बाबू, अंशुल, भोले अंसारी, अनवार सैफी, प्रत्यक्ष शर्मा, राजीव दीक्षित, मयंक गर्ग, ओमवीर सैनी, नूतन सैनी, सीमा रानी, दयावती, सरस्वती गोयल, मंजीत तथा जसवीर सिंह जोशी सहित आदि मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
June 10, 2026
Rating:

No comments: