Top Ad unit 728 × 90

बड़ी ख़बर

recent

रामगंगा पोषक नहर में डूबे बालक आर्यंस का पांचवें दिन मिला शव

 रामगंगा पोषक नहर में डूबे बालक आर्यंस का पांचवें दिन मिला शव


एनडीआरएफ ने साइफन के पास से किया बरामद, जाम और अल्टीमेटम के बाद तेज हुआ सर्च अभियान



क्षेत्र के अख्तियारपुर मिलक गांव स्थित रामगंगा पोषक नहर में डूबे 12 वर्षीय बालक आर्यंस का शव बुधवार को पांचवें दिन बरामद कर लिया गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नहर के साइफन के पास से शव को खोज निकाला। शव मिलने के साथ ही पिछले कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया और परिजनों के साथ-साथ प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।



मृतक आर्यंस डिडौली थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर नूरी निवासी रवि कुमार का पुत्र था। वह अपने मामा आकाश के घर मिलक अख्तियारपुर में रहकर कक्षा 6 में पढ़ाई कर रहा था। बीते शुक्रवार को वह अपनी नानी के साथ खेत पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान उसने अचानक नहर में छलांग लगा दी और ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने से पहले ही गहरे पानी में समा गया।

घटना के बाद से ही प्रशासन द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन चार दिनों तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर रामपुर तगा पुलिस चौकी के पास चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा नेता गुरमीत सिंह चंचू भी मौके पर पहुंचे और नहर का पानी बंद कराने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि यदि शव बरामद नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम शैलेश कुमार दुबे और सीओ अंजलि कटारिया मौके पर पहुंचे और परिजनों को 24 घंटे के भीतर शव बरामद करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया।

प्रशासन ने आश्वासन के बाद तलाश अभियान को और तेज कर दिया। एसडीएम शैलेश कुमार दुबे और नायब तहसीलदार योगेश कुमार लोधी लगातार घटनास्थल पर डटे रहे और एनडीआरएफ टीम के साथ समन्वय बनाकर अभियान चलाया। आखिरकार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एनडीआरएफ को सफलता मिली और बालक का शव नहर के साइफन के पास से बरामद कर लिया गया।

शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं।

रामगंगा पोषक नहर में डूबे बालक आर्यंस का पांचवें दिन मिला शव Reviewed by Hindustan News 18 on May 06, 2026 Rating: 5

No comments:

All Rights Reserved by Hindustan News 18 © 2014 - 2018
Designed By WEB Unnati

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.