चार दिन बाद भी नहर में डूबे 12 वर्षीय बच्चे का नहीं लगा सुराग
चार दिन बाद भी नहर में डूबे 12 वर्षीय बच्चे का नहीं लगा सुराग
आक्रोशित परिजनों-ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर पानी बंद कराने की उठाई मांग
नहर में डूबे 12 वर्षीय मासूम का चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। प्रशासन की धीमी कार्यप्रणाली से नाराज लोगों ने मंगलवार को बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर रामपुर तगा गांव के पास चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि नहर का पानी तत्काल बंद कराया जाए, ताकि बच्चे की तलाश तेज और प्रभावी ढंग से की जा सके।
जाम के दौरान मौके पर बेहद भावुक माहौल देखने को मिला। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं परिजनों की सिसकियां हर किसी को झकझोर रही थीं। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हालात को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक को नूरपुर रोड की ओर डायवर्ट कर दिया और मंडी धनौरा व बछरायूं थाने की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डिडौली थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर नूरी निवासी रवि कुमार का पुत्र आर्यंस अपने मामा आकाश के घर ग्राम मिलक अख्तियारपुर में रहकर कक्षा 6 में पढ़ाई कर रहा था। बीते शुक्रवार को वह अपनी नानी के साथ खेत पर गया था, जहां अचानक उसने नहर में छलांग लगा दी। नानी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चा गहरे पानी में ओझल हो चुका था।
घटना के चार दिन बाद भी कोई सुराग न मिलने से परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। बच्चे के पिता रवि कुमार ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक नहर का पानी बंद नहीं किया जाएगा, तब तक बहाव कम नहीं होगा और बच्चे की तलाश मुश्किल बनी रहेगी।
जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम शैलेश कुमार दुबे, सीओ अंजलि कटारिया, तहसीलदार मूसराम थारू, नायब तहसीलदार योगेश कुमार लोधी और थाना प्रभारी अमरपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर आश्वस्त किया कि नहर का पानी बंद कराने के लिए सिंचाई विभाग को पत्र भेजा जा चुका है।
अधिकारियों द्वारा 24 घंटे के भीतर बच्चे का शव बरामद करने के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे तक चला जाम समाप्त हुआ।
इस दौरान भाकियू टिकैत के नेता गुरमीत सिंह चंचू ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में बच्चा नहीं मिला तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
फिलहाल एनडीआरएफ, गोताखोरों और प्रशासन की टीमें लगातार नहर में बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं।
Reviewed by Hindustan News 18
on
May 05, 2026
Rating:


No comments: