तीन साल पूरे होने पर चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल ने गिनाईं उपलब्धियां
तीन साल पूरे होने पर चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल ने गिनाईं उपलब्धियां
81 सड़कें और 17 बड़े नालों का निर्माण, धनौरा को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने का दावा
नगर पालिका परिषद सभागार में मंगलवार को चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल और अधिशासी अधिकारी अवधेश वर्मा ने पिछले तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी योजनाओं की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि जीवन संघर्ष का मंच है और वह जनता के हक एवं नगर के विकास के लिए हमेशा संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि 26 मई 2023 को पदभार ग्रहण करने के बाद नगर में जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का कार्य किया गया। इसी क्रम में अब तक 81 सड़कों और 17 मुख्य बड़े नालों का निर्माण कराया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि शेरपुर रोड और चांदपुर चुंगी से मंडी समिति रोड तक विशेष लाइटें लगाकर पूरे मार्ग का सौंदर्याकरण कराया जा रहा है। इसके अलावा गिहार समाज के अंत्येष्टि स्थल का भी जीर्णोद्धार कराया गया है। नगर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर पांच नई हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं, जिनमें दो कब्रिस्तान, तीन मंदिर और एक अंबेडकर पार्क शामिल हैं।
चेयरमैन ने कहा कि बालाजी मंदिर पर करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं। साथ ही गंज बाजार, माता मंदिर और वाल्मीकि मंदिर के जीर्णोद्धार की योजना पर भी कार्य किया जाएगा।
नुमाइश को लेकर विरोध पर जताई आपत्ति
बोले- रेहड़ी और फड़ लगाने वालों की रोजी-रोटी से जुड़ा है आयोजन
कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल ने हाल ही में नुमाइश को लेकर हुए विवाद और विरोध पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नुमाइश गरीब, फड़ और रेहड़ी-पटरी लगाने वाले लोगों की आजीविका का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से छोटे व्यापारियों को रोजगार मिलता है, इसलिए विरोध करने वालों को संयम बरतना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल विकास करना है और आने वाले समय में धनौरा को एक स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर ईओ अवधेश वर्मा, राजू बादशाह, सोनिया अग्रवाल, आलम शेख, दुलीचंद गिहार, गौरव धारीवाल, गुरवचन सिंह, किशन लाल प्रजापति, समीर बाबू, प्रशांत त्यागी, ओमवीर सैनी, अशोक घरौटिया, नौशाद मंसूरी, अफजाल सैफी, भोला अंसारी, जितेश जाटव, सतीश कुमार, नरेंद्र सिंह, प्रत्यक्ष शर्मा और सीमा देवी सहित बड़ी संख्या में सभासद एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
May 26, 2026
Rating:


No comments: