चार दिन बाद मिला नहर में डूबे किशोर का शव
चार दिन बाद मिला नहर में डूबे किशोर का शव
मौत से परिवार में मचा कोहराम, प्रशासन ने लोगों से की नहर में न नहाने की अपील
क्षेत्र में रामगंगा पोषक नहर में डूबे 17 वर्षीय किशोर का शव चार दिन बाद बरामद होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि लगातार चल रहे रेस्क्यू अभियान के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
घटना थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर रझेडा के पास स्थित रामगंगा पोषक नहर की है। गांव निवासी जसरुद्दीन सैफी का 17 वर्षीय पुत्र तसव रविवार को अपने साथियों के साथ नहर के साइफन पर नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय नहर के तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में बह गया। साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के कारण किशोर कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। शुरुआत से ही एसडीएम शैलेश कुमार दुबे, तहसीलदार मूसराम थारू, नायब तहसीलदार राजपाल सिंह, कानूनगो मनोज कुमार तथा थाना प्रभारी अमरपाल सिंह के नेतृत्व में एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार किशोर की तलाश में जुटी रहीं। चार दिनों तक नहर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे किशोर का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित लौहड्डा पालनपुर पुल के पास पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया कि तसव अपने परिवार में सबसे बड़ा पुत्र था। उसके दो भाई और दो बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
वहीं पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में नहरों और गहरे जल स्रोतों में नहाने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि तेज बहाव वाली नहरों में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
Reviewed by Hindustan News 18
on
May 20, 2026
Rating:

No comments: