गंगा नदी में नहाने और तरबूज तोड़ने गया किशोर डूबा तेज बहाव में बिगड़ा संतुलन,
गंगा नदी में नहाने और तरबूज तोड़ने गया किशोर डूबा तेज बहाव में बिगड़ा संतुलन,
पुलिस-गोताखोरों का रेस्क्यू जारी; एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया
क्षेत्र के खादर स्थिति सिपिया फार्म के पास गंगा नदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर नदी में डूब गया। किशोर अपने दोस्तों के साथ गंगा पार रेत पर लगी तरबूज की फसल से तरबूज तोड़ने और नहाने के लिए गया था। नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के चलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस, गोताखोर और प्रशासनिक टीमें लगातार किशोर की तलाश में जुटी हैं, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव मोहसनपुर उर्फ देवीपुरा निवासी मोनू 16 पुत्र नरेश शनिवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ सिपिया फार्म के पास गंगा नदी किनारे गया था। ग्रामीणों द्वारा गंगा पार रेत पर तरबूज की खेती की गई है। बताया जा रहा है कि मोनू अपने साथियों के साथ नदी पार कर तरबूज तोड़ने और नहाने के उद्देश्य से पानी में उतरा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी में इन दिनों जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव भी काफी तेज है। नदी पार करते समय मोनू अचानक पानी के तेज वेग में फंस गया। उसने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक किशोर पानी में लापता हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि किशोर नदी पार कर तरबूज तोड़ने जा रहा था, तभी तेज बहाव में बह गया। पुलिस और प्रशासन पूरी गंभीरता से तलाश अभियान चला रहे हैं।
नदी में बढ़ते जलस्तर और तेज धार के कारण गोताखोरों को रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है। अत्याधुनिक उपकरणों के साथ एनडीआरएफ की टीम जल्द मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान की कमान संभालेगी।
हादसे की खबर गांव मोहसनपुर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में गंगा किनारे पहुंचे। ग्रामीणों की भी मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राजस्व विभाग के लेखपाल वीरेंद्र सैनी भी कर्मचारियों के साथ मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और बच्चों को बिना निगरानी नदी के आसपास न जाने दें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Reviewed by Hindustan News 18
on
May 16, 2026
Rating:


No comments: