स्कॉर्पियो-एन समेत चार हथियार तस्कर गिरफ्तार, पिस्टल-तमंचे और कारतूस बरामद
स्कॉर्पियो-एन समेत चार हथियार तस्कर गिरफ्तार, पिस्टल-तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी, तीन अवैध हथियार तथा भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में हथियार खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
बीती रात थाना बछरायूं पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के साथ शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थी। इसी दौरान कुआंखेड़ा रोड पर एक संदिग्ध काले रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी संख्या UP21 DQ 3004 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर गाड़ी में सवार तीन व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि चार आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन पुत्र सूरजवीर निवासी ग्राम कटपुरा थाना बछरायूं, निखिल पुत्र परमसिंह निवासी गुलडिया थाना नौगांवां सादात, निक्की पुत्र शीशपाल निवासी हासमपुर भूड़ थाना बछरायूं तथा परणदीप उर्फ टीटू पुत्र हेमराज सिंह निवासी ग्राम खादगुर्जर थाना गजरौला शामिल हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल .32 बोर, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक अवैध तमंचा .32 बोर, सात जिंदा कारतूस .32 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया। पुलिस ने बरामद हथियारों और स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में लेकर थाना बछरायूं में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से अवैध हथियार खरीदकर लोगों को बेचने का काम करते हैं। आरोपियों ने बताया कि इस धंधे में विक्रांत गरेवाल नामक युवक भी शामिल है, जो अमरोहा का रहने वाला है। उसी की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से हथियार खरीदने और बेचने के लिए विभिन्न स्थानों पर जाते थे। बुधवार रात भी आरोपी कुआंखेड़ा क्षेत्र में हथियार बेचने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अर्जुन के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। फरार हुए तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह तोमर, उपनिरीक्षक विपिन तोमर, कांस्टेबल विकास त्यागी, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल तनिष्क चौधरी तथा कांस्टेबल रितिक ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच जारी है।
Reviewed by Hindustan News 18
on
May 14, 2026
Rating:

No comments: