भक्ति में डूबा नगर, श्रीराम जयंती महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब
भक्ति में डूबा नगर, श्रीराम जयंती महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब
भव्य महाआरती और शोभायात्रा ने मोहा मन, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
गुरुवार को नगर के कंचन बाजार स्थिति बाबा जी। बाग में श्री रामजानकी भक्त मंडल के संयोजन में राम जानकी मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
मंदिर परिसर में गूंजते भजन-कीर्तन और महिलाओं द्वारा गाए गए मंगल गीतों ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि हर कोई भक्ति में लीन नजर आया। दीपों की रोशनी और घंटों की ध्वनि के बीच संपन्न हुई महाआरती ने श्रद्धालुओं के मन को भाव-विभोर कर दिया। महाआरती के उपरांत शोभायात्रा की शुरुआत होते ही पूरा नगर आस्था के रंग में रंग गया। इस भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने किया, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ा दी। वहीं ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक राहुल अग्रवाल भगवान श्रीराम के रथ को खींचते हुए नजर आए, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।
शोभायात्रा में सजे-धजे भगवान श्रीराम के रथ ने सभी का मन मोह लिया। श्रद्धालु पूरे जोश और भक्ति भाव के साथ रथ को खींचते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। राम दरबार एवं राधा-कृष्ण की सजीव झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने व्यवस्थाओं की कमान संभालते हुए शोभायात्रा को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। रथ व्यवस्था, श्रद्धालुओं के समन्वय और सुरक्षा जैसे कार्यों में उनकी सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर राहुल अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, प्रत्यक्ष शर्मा, देवेश तंवर, विशाल कौशिक, विजय कुमार, अक्षय अग्रवाल, हर्ष भटनागर, पारस सिंहल, राखी अग्रवाल, नैना गर्ग, कुसुम लता गोयल, सोनिया अग्रवाल, अजय कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 26, 2026
Rating:



No comments: