भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, एक घायल
भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, एक घायल
अज्ञात वाहन की टक्कर से टूटी खुशियां, सुनगढ़ गांव के तीन युवक हादसे का शिकार; पुलिस जांच में जुटी
रविवार शाम करीब पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा डींगरा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पाखराबाद गांव के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजनौर जनपद के शिवाला कला थाना क्षेत्र के ग्राम सुनगढ़ निवासी राहुल चौहान 40 पुत्र बलकरन सिंह अपने साथियों अमर सिंह 40 और दीपक सिंह 35 के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मंडी धनौरा अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। बताया जा रहा है कि राहुल अपनी मौसी के घर जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने राहुल चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अमर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल दीपक सिंह का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
मृतक राहुल चौहान अपने पीछे पत्नी स्वाति और दो छोटे बच्चों—एक पांच वर्षीय पुत्री और दो वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Reviewed by Hindustan News 18
on
March 29, 2026
Rating:

No comments: