तेज रफ्तार विटारा ब्रेजा ने महिला को मारी टक्कर सड़क पार करते समय उछलकर गिरी महिला, कार खंती में पलटी
तेज रफ्तार विटारा ब्रेजा ने महिला को मारी टक्कर सड़क पार करते समय उछलकर गिरी महिला, कार खंती में पलटी
धनौरा–गजरौला मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्लोबल पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार से आ रही विटारा ब्रेजा कार ने सड़क पार कर रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला उछलकर दूर जा गिरी, जबकि कार फिल्मी अंदाज में हवा में उछलती हुई सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई।.हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मानवीयता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाई और घायल महिला को सीएचसी धनौरा पहुंचाया। वहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल अमरोहा रेफर कर दिया।
घायल महिला की पहचान छोटी सैनी (55) पत्नी दयाराम सैनी, निवासी ग्राम सब्दलपुर खुर्द, तहसील चांदपुर, जिला बिजनौर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गांव मोहम्मदपुर पट्टी में रिश्तेदारी में आई थीं और सोमवार सुबह अपने घर लौटने के लिए सड़क पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर खंती में जा पलटी। कार में सवार दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चा सुरक्षित बाहर निकल आए। कार चालक एजाज, निवासी स्योहारा बिजनौर ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया।
सूचना मिलने पर बछरायूँ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है कि धनौरा–गजरौला मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Reviewed by Hindustan News 18
on
February 15, 2026
Rating:

No comments: