बूथ दिवस पर एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, दिए नए वोट बनाने के निर्देश
बूथ दिवस पर एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, दिए नए वोट बनाने के निर्देश
शासन के निर्देशानुसार रविवार को तहसील क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों पर विशेष बूथ दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने क्षेत्र के रहमापुर खादर,बछरायूं,शेरपुर, मोहद्दीनपुर व केसरा सहित कई विद्यालयों में स्थापित बूथों का औचक निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वहां उपस्थित बीएलओ से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन तथा विलोपन से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों की जांच करते हुए यह भी देखा कि बूथों पर आवश्यक प्रपत्र एवं सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं।
एसडीएम ने निर्देश दिए कि जिन युवाओं ने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा करने वाले हैं, उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए बीएलओ घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को जागरूक करें।
उन्होंने बूथों पर आए मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची में संशोधन, नाम जोड़ने अथवा हटाने की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
एसडीएम ने आमजन से अपील की कि वे विशेष बूथ दिवस का लाभ उठाकर अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
Reviewed by Hindustan News 18
on
January 18, 2026
Rating:

No comments: