प्रेमी ने अस्पताल में भरी प्रेमिका की मांग, मरीज बने बराती, युवक ने की थी जान देने की कोशिश
प्रेमी ने अस्पताल में भरी प्रेमिका की मांग, मरीज बने बराती, युवक ने की थी जान देने की कोशिश
मुरादाबाद-पहले प्रेम फिर शादी न होने पर खुदकुशी का प्रयास फिर प्रेमिका का अस्पताल पहुंचना और वहीं प्रेमी द्वारा मांग में सिंदूर भर देना.. किसी फिल्म की स्क्रिप्ट सी लगने वाली ये सच्ची घटना घटित हुई सम्भल के चन्दौसी में। जहां प्रेमिका के साथ शादी न होने पर युवक ने फंदे से लटक कर जान देने का प्रयास किया। समय पर स्वजन पहुंच गए और उसे उतारकर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यह जानकारी प्रेमिका को लगी तो दौड़ी-दौड़ी प्रेमी को देखने अस्पताल पहुंच गई। प्रेमी ने मरीजों के सामने प्रेमिका की मांग भर शादी कर ली। इसके बाद अस्पताल में मिठाई वितरित कर शादी की खुशियां मनाई गईं।
चन्दौसी के एक मुहल्ला निवासी युवक थाना क्षेत्र की ही एक युवती से प्रेम करता था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के स्वजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी के चलते परिवार में विवाद भी रहता था। प्रेमिका के साथ शादी न होने के चलते गुरुवार की शाम युवक ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली, लेकिन समय रहते स्वजन मौके पर पहुंच गए और उसे फंदे से उतारकर सीता रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अब उसकी हालत स्थिर है।
शुक्रवार को जब यह जानकारी उसकी प्रेमिका को लगी तो वह अपने आप को रोक नहीं सकी और दौड़ी-दौड़ी प्रेमी के पास अस्पताल पहुंच गई। वहां युवक के स्वजन भी थे। युवती ने कहा कि मैं इससे ही शादी करूंगी। यह बात सुनकर तत्काल सिंदूर लाया गया और युवक ने अस्पताल में ही युवती की मांग भरकर शादी कर ली। इसके गवाह अस्पताल के मरीज भी बने। बाद में बाजार से मिठाई लाई गई और सभी मरीजों को वितरित कर शादी की खुशी मनाई गई। स्वास्थ्य बेहतर होने पर युवक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और अस्पताल से ही युवती उसके साथ ससुराल चली गई। उधर कोतवाल देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ऐसी घटना की जानकारी नहीं है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो कार्यवाही की जाएगी।
Reviewed by Hindustan News 18
on
February 20, 2021
Rating:


No comments: