रामपुर में कोरोना के बाद डेंगू ने दी दस्तक, ज्वालानगर चौकी प्रभारी चपेट में
रामपुर-स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। कोरोना के बाद अब जिले में डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। डेंगू बुखार के मरीज भी मिलने लगे हैं। ज्वालानगर चौकी प्रभारी ओम शुक्ला डेंगू की चपेट में आ गए हैं। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्हें एक सप्ताह पहले बुखार आया था। उन्होंने निजी चिकित्सक को दिखाया। वहां उनकी डेंगू की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। उनकी प्लेटलेट्स की संख्या 50 हजार से नीचे पहुंच गई थीं।
लगातार चार दिन भर्ती रहने के बाद अब उनकी हालत में सुधार है। कोरोना के साथ डेंगू मलेरिया फैला तो खराब होगी स्थिति कोरोना के साथ अब इन मौसमी बीमारियों से निबटना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती से कम नहीं है। दरअसल, बरसात के मौसम में फैलने वाली डेंगू, मलेरिया, स्वाइन फ्लू आदि बीमारियों की चपेट में हर साल हजारों लोग आते हैं। इनमें कई की मौत भी हो जाती है। पिछले वर्ष भी दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हुई थी। स्वास्थ्य विभाग तमाम उपाय करने के बाद भी इन्हें नहीं रोक पाता है। इस बार स्थिति और भी भयावह हो सकती है। इसकी वजह है कोरोना। वर्तमान में कोरोना कम्यूनिटी स्टेज में है, जो एक से दूसरे में फैल रहा है। यही वजह है कि जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक हजार से ऊपर पहुंच चुकी है। कोरोना पर लगाम लगाने में अफसरों के पसीने छूट रहे हैं। ऐसे में यदि डेंगू, मलेरिया और स्वाइन फ्लू भी फैल गया तो फिर स्वास्थ्य विभाग को एक साथ इतनी बीमारियों को काबू करने में मुश्किल होगी। सरकारी अस्पताल में नहीं है डेंगू जांच की सुविधा जिले के सरकारी अस्पतालों में न तो डेंगू के उपचार की व्यवस्था है और न ही जांच की। ऐसे में समय रहते डेंगु बुखार का पता नहीं चल पाता है। जब तक पता चलता है, तब तक हालत गंभीर हो जाती है। ऐसे में लोग मुरादाबाद या बरेली के अस्पतालों में उपचार कराने के लिए मजबूर होते हैं। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत टीमें गांवों में जाकर साफ-सफाई और दवा का छिड़काव कर रही हैं, ताकि डेंगू, मलेरिया आदि बीमारियां न फैल सकें।
घर-घर हो रहा सर्वे
आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी आदि भी घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। घर में किसी सदस्य को बुखार होने पर उसकी जांच कराई जा रही है। इसके अलावा जिला अस्पताल में डेंगू वार्ड बनाने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई संभावित मरीज आता है तो उसे वार्ड में भर्ती किया जाएगा। उसकी जांच से लेकर उपचार की व्यवस्था मुफ्त की जाएगी।
डॉ. सुबोध कुमार शर्मा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रामपुर
डेंगू के लक्षण एवं बचाव
अचानक तेज बुखार आना। सिर में आगे की ओर तेज दर्द होना। मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना। मन घबराना, चक्कर और उल्टी आना। ऐसे कपड़े पहनें, जिससे शरीर का ज्यादा-से-ज्यादा हिस्सा ढका रहे। रात को सोते समय मच्छरदानी लगाएं। डेंगू के मच्छर साफ पानी में पनपते हैं, इसलिए आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।
रामपुर में कोरोना के बाद डेंगू ने दी दस्तक, ज्वालानगर चौकी प्रभारी चपेट में
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 01, 2020
Rating:
Reviewed by Hindustan News 18
on
August 01, 2020
Rating:

No comments: