लोडर से बेखौफ होकर खोदी जा रही थी मिट्टी, टीम को देखते ही मची भगदड़
लोडर से बेखौफ होकर खोदी जा रही थी मिट्टी, टीम को देखते ही मची भगदड़
भागते चालक ने मिट्टी से भरा ट्रैक्टर पलटाया, दस्तावेज नहीं दिखा सका ठेकेदार; पुलिस चौकी से महज 500 मीटर दूरी पर चल रहा था खनन
रामपुर तगा पुलिस चौकी के पास चुचैला कलां स्थित सरकारी गौशाला के पीछे बिना अनुमति मिट्टी खनन किए जाने की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोडर मशीन से बड़े पैमाने पर मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरी जा रही थी। प्रशासनिक टीम को देखते ही खनन में जुटे लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया।
बताया गया कि राजस्व विभाग को क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर लेखपाल रमेश चंद्र सैनी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। टीम को वहां लोडर मशीन से मिट्टी की खुदाई होती मिली। इसके बाद मिट्टी को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
राजस्व टीम को देखते ही मौके पर मौजूद खनन ठेकेदार और चालक घबरा गए। कार्रवाई से बचने के लिए एक चालक ने मिट्टी से भरा ट्रैक्टर मौके पर ही पलटा दिया और वहां से भागने का प्रयास किया। वहीं, लोडर मशीन का चालक भी मशीन लेकर मौके से निकलने लगा। लेखपाल रमेश चंद्र सैनी ने भाग रही लोडर मशीन का चेचिस नंबर सहित अन्य जरूरी तकनीकी विवरण मौके पर ही नोट कर लिए, ताकि आगे की कार्रवाई में मशीन की पहचान की जा सके।
दस्तावेज मांगे तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला
राजस्व टीम ने मौके पर मौजूद ठेकेदार से खनन की वैध अनुमति और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। टीम के अनुसार ठेकेदार द्वारा दिखाए गए शुरुआती कागजात संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद राजस्व विभाग ने उसे निर्देश दिया कि वह निर्धारित समय तक तहसील में खनन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करे।
लेखपाल रमेश चंद्र सैनी ने बताया कि यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी शैलेश कुमार दुबे के निर्देश पर की गई है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय तक खनन की वैध अनुमति और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो मामले में नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-------------------------------
पुलिस चौकी से महज 500 मीटर दूर चल रहा था खनन
अवैध खनन का मामला सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जिस स्थान पर लोडर मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी का खनन किए जाने की बात सामने आई है, वह रामपुर तगा पुलिस चौकी से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इतने करीब बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई और ढुलाई चलती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी।
राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ठेकेदार द्वारा तहसील में कौन से दस्तावेज प्रस्तुत किए जाते हैं और जांच के बाद प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
Reviewed by Hindustan News 18
on
September 24, 2026
Rating:


No comments: